पटना। भारत की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की साजिश के तहत पाकिस्तान में छपे नकली भारतीय नोट नेपाल के रास्ते बिहार पहुंचाए जा रहे हैं। नेपाल सीमा से सटे इलाकों में नकली नोट की लगातार बरामदगी के बाद Bihar STF ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, दरभंगा और मधुबनी जिलों की पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा है।
तिरहुत रेंज के डीआईजी Chandan Kushwaha ने वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों की पुलिस को सतर्क रहने और इस नेटवर्क से जुड़ी सूचनाएं जुटाने के निर्देश दिए हैं।
छोटे नोटों के जरिए बाजार में खपाने की कोशिश
जांच एजेंसियों के अनुसार पाकिस्तान में छपे 100 और 200 रुपये के जाली नोट नेपाल के रास्ते बिहार के बाजारों में पहुंचाए जा रहे हैं। छोटे मूल्य के नोट होने के कारण इन्हें पहचानना मुश्किल होता है और आसानी से खपा दिया जाता है।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी एजेंट नेपाली नागरिकों के साथ मिलकर बिहार और उत्तर प्रदेश के तस्करों के जरिए इस गिरोह को संचालित कर रहे हैं। बरामद नकली नोटों की क्वालिटी ‘उत्तम ग्रेड’ की बताई जा रही है, जिससे आम लोग आसानी से धोखा खा जाते हैं।
कई जिलों में तस्करों की गिरफ्तारी
30 जनवरी को मोतिहारी के हरैया थाना क्षेत्र में नेपाल के बागमती प्रदेश के तस्कर तिलक बहादुर और बारा जिले के सरोज कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से 18,500 रुपये के जाली भारतीय नोट बरामद हुए। पूछताछ के बाद सीतामढ़ी के मेजरगंज से छह और मधुबनी से एक अन्य तस्कर को पकड़ा गया। इनके पास से नकली नोट छापने वाला कागज भी बरामद हुआ।
इससे पहले 29 जनवरी को मधुबनी के हरलाखी इलाके में बिहार STF और SSB की संयुक्त कार्रवाई में मुकेश महतो और सिलकर पंडित को 34,600 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से 200 रुपये के 173 नकली नोट मिले थे, जिनकी छपाई बेहद बेहतरीन बताई गई।
हाल ही में मधुबनी के नो-मेंस लैंड क्षेत्र से भी 14 लाख रुपये के जाली नोट जब्त किए गए हैं। दो तस्करों को SSB ने हिरासत में लिया है।
नेपाल बॉर्डर पर STF की विशेष टीम सक्रिय
लगातार नकली नोट और मादक पदार्थ की खेप पकड़े जाने के बाद बिहार STF ने नेपाल सीमा से लगे इलाकों में विशेष टीम तैनात की है। सीमावर्ती जिलों में छापेमारी और सर्विलांस तेज कर दिया गया है। बाजारों में नकली नोट खपाने वाले स्थानीय नेटवर्क की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
मोबाइल से बड़े नेटवर्क का खुलासा
मोतिहारी और मधुबनी से गिरफ्तार तस्करों के पास से 13 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में इन मोबाइल से नकली नोट के बड़े नेटवर्क का सुराग मिला है। नेपाल से लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश तक फैले तस्करों के संपर्क सामने आए हैं। STF ने दर्जनों संदिग्धों की सूची बनाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि नकली नोटों का यह नेटवर्क देश की आर्थिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। आने वाले दिनों में नेपाल सीमा पर चेकिंग और सख्त की जाएगी तथा इस गिरोह से जुड़े सभी लोगों को पकड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
फिलहाल बिहार STF और अन्य एजेंसियां मिलकर इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं, ताकि नकली नोटों की सप्लाई को पूरी तरह रोका जा सके।
