बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और सांस लेने में परेशानी होने लगी।
स्थिति गंभीर होने पर उन्हें पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और उनके आवास पर पहुंचने लगे।
दो बार जीते फरीदपुर सीट से
डॉ. श्याम बिहारी लाल 2022 के विधानसभा चुनाव में फरीदपुर (सुरक्षित) सीट से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे। इससे पहले 2017 में भी उन्होंने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। माना जाता है कि आजादी के बाद यह पहला मौका था जब फरीदपुर सीट से कोई उम्मीदवार लगातार दो बार विजयी हुआ।
इतिहास के प्रोफेसर रहे डॉ. श्याम बिहारी लाल ने अपनी सादगी और कार्यशैली के कारण इलाके में राजनीतिक पहचान मजबूत बनाई थी। हाल ही में 1 जनवरी को उन्होंने समर्थकों के साथ अपना जन्मदिन भी मनाया था।
CM योगी ने जताया शोक
विधायक के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा—
“माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।”
