अहमदाबाद | एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने अहमदाबाद पहुंचे केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि गुजरात में भाजपा की प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता को आभारी है| पीएम मोदी की लोकप्रियता का गुजरात चुनाव में भाजपा को जबर्दस्त फायदा मिला है| गुजरात की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ठाकुर ने कहा कि भाजपा पर फिर एक बार भरोसा कर गुजरात की जनता ने भाजपा को प्रचंड जीत दिलाई है| भाजपा और मोदी के काम पर गुजरात की जनता ने भरोसा किया है| प्रचंड जीत से स्पष्ट हो गया है कि गुजरात की जनता पीएम मोदी से कितना प्यार करती है| उन्होंने कहा कि लोकसभा के चुनाव हों या विधानसभा के गुजरात की जनता हमेशा कमल खिलाया है| इस बार की जीत को ऐतिहासक बताते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि 27 वर्ष तक सत्ता में रहने के बाद भी इस प्रकार का शानदार विजय दर्शाता है कि अच्छा काम करने वाले के साथ जनता हमेशा देती है| खासकर जब मोदी जैसे नेतृत्व भाजपा को मिला है ऐसे में उनका विकास मॉडल और मोदी दोनों ही देश में लोकप्रिय हो गए हैं| इसका लाभ गुजरात के चुनाव में मिला है| अनुराग ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के झूठी घोषणा और दावों की गुजरात की जनता पहले ही समझ गई थी| पंजाब में आप की सरकार बनने के तीन महीने में 90 लोगों की हत्या की जा चुकी है| पंजाब में फिर खालिस्तान की मांग तेज हो रही है| पंजाब ही नहीं दिल्ली में कानून व्यवस्था चरमरा गई है| उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहनेवाले उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को केजरीवाल सरकार ने किराया देने का वादा किया था लेकिन संकट के समय में उन्हें भगा दिया| ऐसे समय में मोदी सरकार ने मुफ्त राशन देने का काम किया था| आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश में जमानत जब्त करवा चुकी है| उत्तर प्रदेश में जमानत जब्त करवा चुकी है और गुजरात की जनता ने भी उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया है|