पंचकूला । हरियाणा में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण जारी है। पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित दशहरा मैदान में नायब सिंह सैनी ने सबसे पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। अब बारी-बारी से विधायक मंत्रीपद की शपथ ले रहे हैं। एक दिन पहले ही नायब सिंह सैनी विधायक दल के नेता चुने गए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष उपस्थिति में विधायक दल का नेता चुना गया था।

मंच पर मौजूद 11 विधायक, लेंगे मंत्री पद की शपथ

बरवाला के विधायक रणबीर गंगवा
नरवाना के विधायक कृष्ण बेदी
इसराना के विधायक कृष्णलाल पंवार
रादौर के विधायक श्याम सिंह राणा
अटेली की विधायक आरती राव
तोशाम की विधायक श्रुति चौधरी
गोहाना के विधायक डा. अरविंद शर्मा
अंबाला छावनी के विधायक अनिल विज
पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल ढांडा
फरीदाबाद के विधायक विपुल गोयल
तिगांव के विधायक राजेश नागर

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित हैं। एनडीए घटक दलों के नेता भी हैं।
पहले शपथ ग्रहण कार्यक्रम का समय 11 बजे बताया गया था, लेकिन देरी हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने पर दोपहर 1.15 बजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू हो सका। एक दिन पहले विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नायब सिंह सैनी ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की थी और सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उन्होंने विधायकों की लिस्ट भी सौंपी थी।

नायब सिंह सैनी मार्च 2024 में मनोहर लाल की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री बने थे। पार्टी के ओबीसी चेहरे सैनी ने विधानसभा चुनाव में कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट से जीत दर्ज की है। सैनी भाजपा का ओबीसी चेहरा हैं, जो लो-प्रोफाइल रहकर काम करते हैं। सैनी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। संघ में रहते हुए ही उनकी मुलाकात मनोहर लाल खट्टर से हुई थी। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए थे। पहले अंबाला छावनी में अध्यक्ष सहित कई स्थानीय पार्टी कार्यालयों में काम किया। 2019 के लोकसभा चुनाव में सैनी कुरुक्षेत्र से संसद सदस्य के रूप में चुने गए थे। अक्टूबर 2023 में ओम प्रकाश धनखड़ की जगह सैनी को हरियाणा इकाई का अध्यक्ष बनाया गया था।

श्याम सिंह राणा ने ली मंत्री पद की शपथ

नायब सिंह सैनी की कैबिनेट में श्याम सिंह राणा को भी जगह दी गई है. उन्होंने मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है।

अरविंद शर्मा भी बनाए गए मंत्री

61  साल के अरविंद शर्मा 2024 विधानसभा-गोहाना विधानसभा से विधायक चुनकर आए हैं. उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली है। गोहाना से अरविंद शर्मा ने कांग्रेस के जगबीर सिंह मलिक को 10429 वोटों से हराया था। 2019 में बीजेपी में शामिल होने से पहले वह कांग्रेस पार्टी के सदस्य थे. शर्मा 1996, 2004, 2009, 2019 में चार बार लोकसभा सदस्य रहे हैं।

विपुल गोयल ने ली मंत्री पद की शपथ

विपुल गोयल को भी नायब सिंह कैबिनेट में मंत्री बनाया गया है. उन्होंने मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली है। गोयल इस बार विधानसभा चुनाव में फरीदाबाद से जीतकर आए हैं। उन्होंने यहां से कांग्रेस के लखन कुमार को 48388 वोटों से हराया था। मनोहर लाल खट्टर सरकार में विपुल गोयल कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

महिपाल ढांडा भी बने मंत्री

पानीपत ग्रामीण सीट से तीसरी बार विधायक चुने गए महिपाल ढांडा को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। उन्होंने भी मंत्री पद की शपथ ली है. ढांडा ने सचिन कुंडू (कांग्रेस) को 50212 वोटों से हराया। वह सैनी सरकार में मंत्री थे। जाट समुदाय से आते हैं। विधानसभा में वह विपक्ष को करारा जवाब देने के लिए जाने जाते हैं. जीटी रोड बेल्ट से भाजपा के बड़े चेहरा हैं।

राव नरबीर सिंह ने ली मंत्री पद की शपथ

राव नरबीर सिंह को भी नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। नरबीर सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली है। नरबीर सिंह चौथी बार विधायक चुने गए है (1987, 1996, 2014, 2024). वर्धन यादव (कांग्रेस) को 60705 वोटों से हराया। वह मनोहर सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री थे. राव इंद्रजीत के विरोधी खेमे से आते हैं। बीजेपी इंद्रजीत को बैलेंस करने के लिए राव नरबीर का कद बढ़ा सकती है।

कृष्ण लाल पंवार ने ली मंत्री पद की शपथ

कृष्ण लाल पंवार ने मंत्री के रूप में शपथ ले ली है. पंवार छठी बार विधायक चुनकर आए हैं। इससे पहले भी कृष्ण लाल पंवार हरियाणा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। 

अनिल विज ने ली मंत्री पद की शपथ

बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनिल विज ने मंत्री पद की शपथ ली है. इससे पहले भी अनिल विज हरियाणा के गृहमंत्री का पद निभा चुके हैं।