छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के 17 दिसंबर को चार साल पूरे हो रहे हैं। इस दिन को सरकार की ओर से छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की है। इस दिन सभी गौठानों, सहकारी सोसायटी परिसरों, धान खरीदी केंद्रों, तेंदुपत्ता संग्रहण केंद्रों, वनोपज प्रबंधन समितियों, हाट-बाजारों और नगरीय क्षेत्र के वार्डों में कार्यक्रम होंगे। इस दौरान राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री का संबोधन भी होगा। 

इस तरह से होंगे कार्यक्रम
1. सभी गौठानों में सुबह 11 बजे किसानों, गौठान समिति के अध्यक्ष व सदस्यों, पशुपालकों, भूमिहीन मजदूरों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निकायों के सदस्यों, राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों सहित स्थानीय निवासियों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्हें योजनाओं और उनकी उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। 
2. प्रदेश के वन क्षेत्रों में सुबह 11 बजे तेंदुपत्ता संग्रहण केंद्रों व वनोपज प्रबंधन समिति के कार्यालय स्थलों पर भी किसानों और मजदूरों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।3. नगरीय क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर सुबह 11 बजे से कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वार्ड के निवासियों को आमंत्रित कर शासन की चार सालों की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। 
4. दोपहर 3 बजे प्राथमिक सहकारी सोसायटी परिसर, धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को आमंत्रित कर ब्याज मुक्त ऋण योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना की जानकारी दी जाएगी।