Magazines cover a wide subjects, including not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

दिल्ली

उत्तम नगर हत्याकांड: दिल्ली पुलिस ने कसा शिकंजा, 3 महिलाएं हिरासत में; अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार

Blog Image
902 0

नई दिल्ली।
दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन गुब्बारा फेंकने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक तरुण की हत्या के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। मामले में दिल्ली पुलिस को जांच के दौरान अहम सुराग मिले हैं। इसी क्रम में पुलिस ने तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान काली उर्फ सायरा, शरीफन और सलमा के रूप में हुई है। जांच के दौरान इनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गई थीं, जिसके बाद पुलिस ने इन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। अधिकारियों का कहना है कि इनसे पूछताछ के बाद मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

अब तक 14 लोग गिरफ्तार

द्वारका के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 8 और लोगों को पकड़ा गया, जिनमें सात वयस्क और एक नाबालिग शामिल है। इन सात वयस्कों में तीन महिलाएं भी हैं।

डीसीपी के अनुसार, हिरासत में ली गई महिलाओं में से एक पर आरोप है कि उसी ने विवाद की शुरुआत की थी। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।

साजिश और मदद के एंगल से जांच

पुलिस को शक है कि इन महिलाओं की भूमिका हत्या की साजिश रचने या आरोपियों की मदद करने में हो सकती है। इसी आधार पर उनसे वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने प्रशासन के साथ मिलकर रविवार को एक आरोपी के घर पर अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई केवल अवैध हिस्सों पर की गई, पूरे मकान को नहीं गिराया गया।

इस दौरान इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए थे।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आईं सामने

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रशासन को इस मामले में सख्त और जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं सांसद मनोज तिवारी ने आरोपी के घर पर हुई कार्रवाई का वीडियो साझा करते हुए इसे बुलडोजर एक्शन बताया।

भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा ने भी प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post