मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की रहने वाली और पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले में माला बेचने के कारण चर्चा में आई मोनालिसा भोंसले एक बार फिर सुर्खियों में है। मोनालिसा ने केरल के पूवर स्थित अरुमानूर के नैनार मंदिर में फरमान खान नामक युवक से शादी कर ली है।
हालांकि, उसके परिवार ने इस विवाह को अपनी मर्जी के खिलाफ बताया है। परिवार के मुताबिक उन्हें इस शादी की जानकारी बाद में मिली और वे इस फैसले से हैरान हैं।
छह महीने पहले फेसबुक पर हुई थी पहचान
परिजनों के अनुसार मोनालिसा और फरमान खान की पहचान करीब छह महीने पहले फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया।
परिवार का कहना है कि कुछ लोग मोनालिसा को फिल्मों में काम दिलाने और अभिनय का प्रशिक्षण देने के बहाने केरल लेकर गए थे।
पिता बोले – काम के बहाने केरल ले गए
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने बताया कि 2 मार्च को केरल से कुछ लोग उनके घर आए थे। उन्होंने कहा कि वे उनकी बेटी को फिल्मों में काम दिलाने और अभिनय का प्रशिक्षण देने में मदद करेंगे।
जयसिंह ने बताया कि वह भी बेटी के साथ केरल गए थे, लेकिन वहां पहुंचने के बाद मोनालिसा ने फरमान खान से शादी कर ली।
उन्होंने कहा कि उन्होंने इस फैसले का विरोध किया और बेटी को वापस महेश्वर चलने के लिए कहा, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने कहा – मोनालिसा बालिग है
पिता के अनुसार उन्होंने इस मामले में केरल पुलिस से भी संपर्क किया था। हालांकि पुलिस ने बताया कि मोनालिसा बालिग है और वह अपनी इच्छा से किसी भी व्यक्ति से शादी करने के लिए स्वतंत्र है।
मोनालिसा के चाचा विजय सिंह भोंसले ने बताया कि वह इसी साल जनवरी में 18 वर्ष की हुई है।
परिवार बोला – समझ नहीं आ रहा क्या हुआ
मोनालिसा के चाचा विजय सिंह ने कहा कि परिवार ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर यह सब कैसे हो गया।
उन्होंने कहा कि संभव है किसी ने मोनालिसा को प्रभावित किया हो, लेकिन अब परिवार के पास उसके फैसले को स्वीकार करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मोनालिसा अपने करियर में सफल हो और जीवन में आगे बढ़े।
अभिनय प्रशिक्षण के लिए गई थी केरल
परिवार के मुताबिक मोनालिसा को फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा की फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” में भी मौका मिला था। इस फिल्म से मिले पारिश्रमिक का इस्तेमाल उसकी यात्रा, रहने और अभिनय प्रशिक्षण पर खर्च किया गया था।
उसके चचेरे भाई जय भोंसले ने बताया कि मोनालिसा ने एक बार अपने इलाके में स्कूल खोलने की इच्छा भी जताई थी।
दादी बोली – बताती तो हम शादी करा देते
मोनालिसा की दादी प्रमिला ने कहा कि अगर वह शादी करना चाहती थी तो परिवार को बता सकती थी। उन्होंने कहा कि परिवार उसकी शादी की व्यवस्था खुद कर देता।
महेंद्र लोधी ने दी यह जानकारी
मोनालिसा की पढ़ाई और अभिनय प्रशिक्षण में मदद कर रहे उज्जैन के महेंद्र लोधी ने बताया कि उन्हें पहले यह जानकारी नहीं थी कि वह केरल में है।
परिवार के फोन आने के बाद उन्होंने उससे संपर्क किया। लोधी के अनुसार मोनालिसा ने बताया कि उसका परिवार उसकी शादी कहीं और करना चाहता था, जबकि उसने पहले ही किसी को पसंद कर लिया था।
इसी कारण उसने फरमान खान से शादी करने का फैसला लिया।
