नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में मुठभेड़ के बाद कुख्यात हाशिम बाबा गैंग के एक शार्पशूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आमिर उर्फ सलीम के रूप में हुई है, जो वर्ष 2024 के चर्चित डबल मर्डर मामले में वांटेड चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात शास्त्री पार्क स्थित मेट्रो डिपो के पास आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जाल बिछाया गया था। रात करीब 10:48 बजे संदिग्ध को देखा गया और उसे रुकने का इशारा किया गया। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
अधिकारियों के अनुसार, आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी आमिर के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे बरामद किए हैं।
दिवाली के दिन हुए डबल मर्डर में था शामिल
क्राइम ब्रांच के अनुसार, आमिर उर्फ सलीम 31 अक्टूबर 2024 को शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में वांटेड था। दिवाली के दिन आकाश शर्मा उर्फ छोटू और उसके भतीजे ऋषभ शर्मा की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस हमले में आकाश शर्मा का बेटा कृष भी गोली लगने से घायल हो गया था। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
14 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल
पुलिस जांच में सामने आया है कि आमिर 14 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की पहचान तथा गैंग की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों तक भी पहुंचने की उम्मीद है।
