केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के प्रमुख जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनके निजी सहायक ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
शिकायत के अनुसार, 18 मार्च की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर मंत्री को जान से मारने की धमकी दी। कॉल के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर MP5 जैसे हथियार का जिक्र करते हुए कहा कि वह इसी से हमला करेगा। इसके बाद उसने फोन काट दिया।
निजी सहायक ने बताया कि कॉल के बाद व्हाट्सऐप पर भी कई संदेश भेजे गए, जिनमें मंत्री का कथित ‘सरकारी टूर प्रोग्राम’ साझा किया गया था। उस दस्तावेज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए हमले की बात लिखी गई थी। साथ ही आरोपी ने लोकेशन और वॉयस मैसेज भी भेजे, जिनमें लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
जब आरोपी से दोबारा संपर्क कर यह पूछा गया कि मंत्री का टूर प्रोग्राम उसके पास कैसे पहुंचा, तो उसने दावा किया कि यह जानकारी उसे “ऊपर से” मिली है।
शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया गया है कि मंत्री के आवास की जासूसी की जा रही है। निजी सहायक के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं। उन्होंने बताया कि एक सफेद रंग की कार, जिसके शीशे काले थे, देर रात तक आवास के पास खड़ी रही और उसमें सवार लोग निगरानी करते नजर आए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम को संवेदनशील मानते हुए हर पहलू पर जांच कर रही हैं।
