लखनऊ। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने केंद्रीय बजट की जमकर सराहना करते हुए कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री Narendra Modi के “नेशन फर्स्ट” विजन से प्रेरित है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्तव्य भवन से प्रस्तुत यह पहला बजट नागरिकों को उनके कर्तव्यों का बोध कराता है और उत्तर प्रदेश के लिए विकास के असीमित अवसर लेकर आया है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से एक तकनीकी और औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। बजट में सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, फार्मा, टूरिज्म और इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया गया जोर राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।
यूपी बनेगा सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर हब
मुख्यमंत्री ने बताया कि नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को ‘सेमीकंडक्टर हब’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। बजट की घोषणाएं इस क्षेत्र को नई ऊंचाई पर ले जाएंगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले ही 700 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर तैयार हो चुके हैं और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते निवेश से राज्य को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में यूपी करीब 2 लाख करोड़ रुपये का इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग कर रहा है, जो बजट प्रावधानों के बाद और तेजी से बढ़ेगा।
‘समर्थ’ योजना से खेल और लेदर उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
सीएम योगी ने कहा कि बजट में शुरू की गई ‘समर्थ’ योजना उत्तर प्रदेश के लिए गेम-चेंजर साबित होगी। इससे मेरठ को स्पोर्ट्स गुड्स के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही कानपुर और आगरा के लेदर उद्योग को नई तकनीक और वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
फार्मा और बायोफार्मा सेक्टर में बड़ी छलांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दवा निर्माण का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। ललितपुर में बन रहे फार्मा पार्क के लिए बजट में 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे इस क्षेत्र में निवेश और उत्पादन दोनों को गति मिलेगी।
नोएडा में बन रहे फार्मा डिवाइस सेंटर से स्वास्थ्य सेवाओं और विनिर्माण क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा।
कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती
इंफ्रास्ट्रक्चर पर बात करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यूपी को दो नए रेलवे कॉरिडोर मिले हैं—एक वाराणसी से सिलिगुड़ी और दूसरा वाराणसी से दिल्ली तक।
इसके अलावा वाराणसी से शुरू होकर यूपी में 20 जलमार्गों का लाभ मिलेगा, जिससे माल ढुलाई सस्ती और सुगम होगी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
टूरिज्म और रोजगार में आएगा बूम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में बड़ा उछाल आने वाला है। देश की 15 टूरिज्म साइट्स में से यूपी को दो महत्वपूर्ण साइट्स मिली हैं।
उन्होंने बताया कि 10 हजार नए टूरिस्ट गाइड तैयार किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार मिलेगा। उत्तर प्रदेश को मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार दोनों में सुधार होगा।
किसान, गरीब और महिला केंद्र में
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि इस बजट के केंद्र में गरीब, किसान और महिलाएं हैं। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना के तहत यूपी के 1 लाख 5 हजार राजस्व गांवों का कायाकल्प किया जाएगा।
इसके साथ ही 10 हजार करोड़ रुपये के नए पैकेज से राज्य की 96 लाख एमएसएमई इकाइयों को सशक्त बनाया जाएगा, जिससे स्वरोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
